डकैती और रंगदारी के मामले में 22 दिन से थे फरार, 20 करोड़ की संपत्ति पहले ही हो चुकी है कुर्क
डिजिटल डेस्क| आंचलिक ख़बरें|
झांसी जिले की गरौठा विधानसभा से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव ने गुरुवार को न्यायालय में सरेंडर कर दिया। पुलिस बीते 22 दिनों से उनकी तलाश कर रही थी। इससे पहले पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 20 करोड़ रुपये की संपत्ति भी कुर्क कर चुकी है। पूर्व विधायक के सरेंडर की पुष्टि एसएसपी बीबीजीटस मूर्ति ने की है।
पूर्व विधायक पर डकैती और रंगदारी जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं। पुलिस ने इस मामले में उनके मैनेजर समेत दो अन्य आरोपियों को पहले ही जेल भेज दिया था, हालांकि मंगलवार को मैनेजर को कोर्ट से जमानत मिल गई थी।
क्या था पूरा मामला
मोंठ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भुजौंद निवासी प्रेम सिंह पालीवाल ने समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पूर्व विधायक ने डराने-धमकाने के जरिए जमीन लिखवाने का दबाव बनाया और डकैती व रंगदारी की वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके बाद से पूर्व विधायक फरार चल रहे थे।
पुलिस लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 13 दिसंबर को पुलिस ने पूर्व विधायक की करीब 20 करोड़ रुपये की तीन संपत्तियों को कुर्क किया था।
16 दिसंबर को करना था सरेंडर
पूर्व विधायक ने न्यायालय में सरेंडर के लिए पहले ही प्रार्थना पत्र दिया था। 16 दिसंबर को उन्हें कोर्ट में पेश होना था, लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते वह उस दिन सरेंडर नहीं कर सके। गुरुवार सुबह उन्होंने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर की सूचना मिलते ही कचहरी परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पहले भी जा चुके हैं जेल
पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव इससे पहले भी जेल जा चुके हैं। करीब दो वर्ष पूर्व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उनसे मिलने झांसी आए थे और उनके आवास पर परिजनों से मुलाकात की थी। इसके दो दिन बाद प्रशासन ने उनके आवास को भी कुर्क कर दिया था।
एसएसपी का बयान
एसएसपी बीबीजीटस मूर्ति ने बताया कि मोंठ थाने में पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव के खिलाफ साथियों के साथ मिलकर लूट और रंगदारी का मामला दर्ज है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस टीमें दबिश दे रही थीं। गुरुवार को उन्होंने न्यायालय में सरेंडर कर दिया है।

